संदना/सीतापुर विकासखंड गोंदलामऊ के प्राथमिक विद्यालय उदईपुर पूर्वी में बुधवार, 1 अप्रैल को 'स्कूल चलो अभियान' के अंतर्गत एक जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में विद्यालय के छात्रों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गांव में घूम-घूमकर लोगों को शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
यह विशेष अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक संचालित किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना है। रैली के दौरान बच्चे रंग-बिरंगी झंडियां और शिक्षा से जुड़े प्रेरक नारों की तख्तियां लेकर चल रहे थे।
छात्रों ने 'मम्मी पापा हमें पढ़ाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ', 'एक भी बच्चा छूट गया, संकल्प हमारा टूट गया' और 'आधी रोटी खाएंगे, स्कूल पढ़ने जरूर जाएंगे' जैसे नारे लगाए। साथ ही 'खेल, पढ़ाई, भोजन प्यार, हर बच्चों का है अधिकार' का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया।
विद्यालय की सहायक अध्यापिका ऋतु सिंह ने बस्ती में घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया। उन्होंने बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराने की अपील की और कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक राजेश गुप्ता, सहायक अध्यापिका ऋतु सिंह, विजय लक्ष्मी कन्नौजिया, सहायक अध्यापक अरविंद सिंह और शिक्षामित्र पुष्पा पाल सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। सभी ने अभियान को सफल बनाने और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
Post a Comment